सोहागपुर।
संवाददाता:- शेख आरिफ।
चरित्र शंका में की गई थी हत्या, देशी पिस्टल और मोटरसाइकिल बरामद

सोहागपुर// नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में हुए बहुचर्चित सचिन पुर्विया हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। राजपूत ढाबा संचालक सचिन पुर्विया की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चरित्र शंका के चलते हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। सोहागपुर थाना क्षेत्र में 17 जून को राजपूत ढाबा संचालक सचिन पुर्विया की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस. थोटा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बुधनी के होलीपुरा निवासी 30 वर्षीय विवेक गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरित्र शंका के कारण सचिन पुर्विया से नाराज था। इसी वजह से उसने सचिन को बातचीत के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाकर रानी पिपरिया नहर पुलिया के पास ले जाकर सिर में गोली मार दी, आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, टीवीएस मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा 24 घंटे के भीतर हो गया।
