नर्मदापुरम में अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

पत्रकार:- शेख आरिफ।

तवा नदी क्षेत्र से पोकलेन मशीन सहित 4 वाहन जप्त, अवैध खनन को लेकर फिर उठे मिलीभगत के सवाल

सोहागपुर/नर्मदापुरम// जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खेल लगातार प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को नर्मदापुरम तहसील के ग्राम जासलपुर स्थित तवा नदी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर एक पोकलेन मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जप्त किया गया। इसके अलावा एसपीएम गेट नंबर – 04 क्षेत्र से भी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया। सभी जप्त वाहन पुलिस थाना देहात नर्मदापुरम की अभिरक्षा में रखे गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन, ओवरलोडिंग और बिना ढके रेत परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। जप्त वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि रेत परिवहन केवल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जा सकेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

अवैध रेत का यह कारोबार किसकी मिलीभगत से फल-फूल रहा है?

हालांकि, लगातार हो रही कार्रवाइयों के बावजूद बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर प्रशासनिक सख्ती के दावों के बीच अवैध रेत का यह कारोबार किसकी मिलीभगत से फल-फूल रहा है? स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी क्षेत्रों में पोकलेन मशीनों से खुलेआम उत्खनन और रात-दिन रेत परिवहन बिना संरक्षण के संभव नहीं है। क्षेत्र में चर्चा है कि छोटे वाहन पकड़कर कार्रवाई दिखाने की कोशिश की जाती है, जबकि अवैध कारोबार के बड़े चेहरे अब भी बेखौफ सक्रिय हैं। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन केवल वाहन जप्त करने तक सीमित न रहे, बल्कि इस अवैध नेटवर्क के पीछे शामिल जिम्मेदार लोगों और संरक्षण देने वालों तक भी कार्रवाई पहुंचनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!