जबलपुर के बरगी डैम में बड़ा हादसा — क्रूज पलटा, 4 की मौत, 8 अब भी लापता

34 यात्रियों से भरा क्रूज हादसे का शिकार, मचा हड़कंप

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जताया शोक, 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान

जबलपुर। बरगी डैम में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब यात्रियों से भरा एक क्रूज अचानक पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित कुल 34 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। 22 सुरक्षित, 4 की मौत, 8 की तलाश जारी प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 22 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 4 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं 8 यात्री अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए बचाव दल युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

कंट्रोल रूम स्थापित, हेल्पलाइन जारी:- हादसे के मद्देनज़र सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कलेक्टर कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नम्बर 0761-2624355 जारी किया गया है। कंट्रोल रूम का इंचार्ज वीरेन्द्र सिंह को बनाया गया है और यह रात भर संचालित रहेगा। प्रशासन ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति लापता यात्रियों या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के लिए कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकता है। प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल लापता यात्रियों की तलाश तेज करना और राहत कार्य को शीघ्र पूरा करना है, साथ ही पूरे मामले की जांच के संकेत भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!