एसडीएम के औचक निरीक्षण में खुली अस्पताल की लापरवाही, दो रेडियोग्राफरों का कटेगा वेतन

एसडीएम प्रियंका भलावी ने व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश, स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता पर जोर

सोहागपुर। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर सुश्री प्रियंका भलावी ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोहागपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रसूति वार्ड का अवलोकन किया, जहां साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने बीएमओ को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा अस्पताल परिसर में प्रतिदिन तीन बार नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।भ्रमण के दौरान रेडियोग्राफर कक्ष निर्धारित समय पर संचालित नहीं मिला। जांच में रेडियोग्राफर रज्जू पाल एवं अजय वास्कले अनुपस्थित पाए गए। इस पर एसडीएम ने दोनों कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश बीएमओ को दिए।एसडीएम द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सार्थक ऐप पर दर्ज पिछले 10 दिनों की उपस्थिति का भी परीक्षण किया गया। सभी कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने की हिदायत देते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, समय पालन सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।

जनता ने की एसडीएम प्रियंका भलावी की सराहना:- सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में औचक निरीक्षण कर लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई करने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए एसडीएम सुश्री प्रियंका भलावी की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि उनके लगातार निरीक्षण और सख्त कार्यशैली के कारण शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में जवाबदेही बढ़ रही है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उनकी यह कार्रवाई एक सकारात्मक और सराहनीय पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!