ईमानदारी की मिसाल: तौसीफ खान ने लौटाया महिला का गुम हुआ पर्स, मंगलसूत्र व नकदी सुरक्षित वापस मिली

सोहागपुर। संवाददाता: शेख आरिफ।

सोहागपुर// आज के दौर में जहां लोगों का खोया सामान वापस मिलना दुर्लभ माना जाता है, वहीं सोहागपुर के युवा तौसीफ खान निवासी सेमरी हरचंद ने ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की एक शानदार मिसाल पेश की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जून 2026 गुरुवार को सोहागपुर के साप्ताहिक बाजार के दिन होटल वाटिका एवं पेट्रोल पंप के पास एक पर्स तौसीफ खान को मिला। पर्स में एक मंगलसूत्र एवं 2250 रुपये नगद रखे हुए थे। तौसीफ ने बिना किसी लालच के पर्स को सुरक्षित रखते हुए तत्काल सोहागपुर थाने में जमा करा दिया। पुलिस द्वारा पर्स के वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की गई। साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों एवं स्थानीय माध्यमों से पर्स मिलने की जानकारी व्यापक रूप से प्रसारित की गई। सोशल मीडिया पर चली इस मुहिम का सकारात्मक परिणाम सामने आया और पर्स की जानकारी उसकी मालिक महिला तक पहुंच गई। जांच के दौरान पर्स की मालिक सरिता बाई पति शिवनारायण परते (40 वर्ष), निवासी कामती रंगपुर होना पाया गया।

महिला द्वारा मंगलसूत्र एवं पर्स से संबंधित आवश्यक पहचान और खरीद संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जिनके आधार पर पुष्टि हुई कि उक्त सामान उन्हीं का है। सरिता बाई ने बताया कि बाजार आने के दौरान पेट्रोल पंप के पास उनका पर्स कहीं गुम हो गया था। इसके बाद पुलिस ने तौसीफ खान को थाने बुलाया और उनके हाथों ही महिला को उसका मंगलसूत्र एवं 2250 रुपये नगद सहित पूरा पर्स सुरक्षित वापस सौंपा गया। अपना सामान वापस पाकर महिला ने तौसीफ खान, पुलिस प्रशासन तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। यह घटना न केवल तौसीफ खान की ईमानदारी का उदाहरण है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सोशल मीडिया का सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग किसी जरूरतमंद की बड़ी मदद कर सकता है। स्थानीय नागरिकों ने भी तौसीफ खान की सराहना करते हुए उनके इस नेक कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!