नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 शातिर नकबजन गिरफ्तार, 28 लाख का मशरूका बरामद
नरसिंहपुर, 26 मई 2026। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नरसिंहपुर police ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गाडरवारा और सुआतला थाना क्षेत्रों में कुल 9 चोरी की घटनाओं का खुलासा कर लगभग 28 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया मशरूका और वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग, रात्रि गश्त और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। चोरी की वारदातों के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
गाडरवारा पुलिस ने 7 चोरी की घटनाओं का किया खुलासा
दिनांक 05 मई 2026 को आनंद विहार कॉलोनी गाडरवारा में एक सूने मकान से सोने के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाकर रेलवे स्टेशन गाडरवारा के पास से एक संदेही को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी राजकुमार उर्फ राकेश उर्फ रक्कू दुबे, निवासी ग्राम सुना, थाना महाराजपुर, जिला सागर ने आनंद विहार कॉलोनी में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी का सामान अमरशांति कॉलोनी की झाड़ियों में छिपाना भी कबूल किया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर सोने-चांदी के जेवर बरामद किए। सघन पूछताछ में आरोपी ने करेली, सिहोरा और गाडरवारा क्षेत्र की अन्य चोरी की घटनाओं के साथ पान दुकान में चोरी और दो मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें भी स्वीकार कीं।
गाडरवारा मामले में बरामदगी
- सोने के 04 कंगन, 01 हार, 03 मंगलसूत्र, 02 जोड़ी झुमकी, 01 जोड़ी टॉप्स, 01 चेन, 01 मांग टीका, 02 अंगूठी और 01 पांचाली।
- चांदी की 01 जोड़ी पायल और 200 चांदी की अंगूठियां।
- कुल बरामद मशरूका कीमती लगभग 17 लाख रुपये।
गिरफ्तार आरोपी
राजकुमार उर्फ राकेश उर्फ रक्कू पिता रमेश कुमार दुबे, निवासी ग्राम सुना, थाना महाराजपुर, जिला सागर।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी राजकुमार दुबे के विरुद्ध थाना महाराजपुर, थाना केसली जिला सागर, थाना गाडरवारा, थाना सुआतला और थाना करेली जिला नरसिंहपुर में गृहभेदन, मोटरसाइकिल चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत कई अपराध दर्ज पाए गए हैं।
सुआतला पुलिस ने 2 चोरी की घटनाओं का किया खुलासा
थाना सुआतला क्षेत्र में दिनांक 06 मार्च 2026 को बरमान कला स्थित हनुमान मंदिर और 17 अप्रैल 2026 को ग्राम लोलरी के एक सूने मकान में चोरी की घटनाएं हुई थीं। अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी की थी।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी सुंदर जाटव निवासी बारहा छोटा तथा उसके साथी की पहचान की गई। आरोपी सुंदर जाटव से पूछताछ में मंदिर और सूने मकान में चोरी की वारदात कबूल की गई।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी गया चांदी का छत्र, मुकुट, सोने-चांदी के जेवरात तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
सुआतला मामले में बरामदगी
- चांदी का छत्र और मुकुट, कीमती लगभग 60 हजार रुपये।
- सोने-चांदी के जेवरात, कीमती लगभग 9 लाख रुपये।
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कीमती लगभग 1.50 लाख रुपये।
गिरफ्तार आरोपी
- सुंदर जाटव, निवासी बारहा छोटा।
- टीकाराम चौधरी, निवासी barha bada।
अंतरजिला आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस जांच में सामने आया कि सुंदर जाटव एक आदतन आरोपी है। उसके विरुद्ध नरसिंहपुर जिले में कुल 12 नकबजनी के मामले दर्ज हैं, जबकि जबलपुर, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में भी नकबजनी के विभिन्न प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक अशोक सिंह चौहान, चौकी प्रभारी सिहोरा उप निरीक्षक विजयपाल सिंह, उप निरीक्षक अर्जुन सिंह बघेल, अंकित रावत, गजराज सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक रामगोपाल सिंह राजपूत, परमानंद, अनुराग झारिया, आरक्षक रूपेंद्र चौबे, विश्वजीत सिंह, बालकृष्ण रघुवंशी, सुजीत बागरी, शिवम पटेल, दीपक राजपूत, ऐश्वर्य वेंकट, उत्तम उचाड़िया, सौरभ मिश्रा, हरिशंकर, अक्षय श्रीवास्तव, सृजल भार्गव, यश मेहरा, शुभम चौधरी, प्रदीप गुप्ता तथा चौकी प्रभारी बरमान उप निरीक्षक आशीष बोपचे सहित पुलिस टीम की विशेष सराहनीय भूमिका रही।
