जैन मंदिर सहित धार्मिक स्थलों में चोरी करने वाले चोर गिरोह का नरसिंहपुर पुलिस ने किया पर्दाफाश
दिनांक: 31-07-2026
नरसिंहपुर: जिले में जैन मंदिर सहित धार्मिक स्थलों में चोरी करने वाले शातिर चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 100 वर्ष पुरानी मूर्तियां, सिंहासन और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पिछले लगभग 15 दिनों के दौरान जैन मंदिर सगौरिया, माता मंदिर लिलवानी और खेरापति मंदिर तेन्दूखेड़ा में चोरी एवं चोरी के प्रयास की घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने विशेष टीमें गठित की थीं।
तकनीकी जांच से खुलासा
तकनीकी जांच, वैज्ञानिक साक्ष्यों और सूक्ष्म विवेचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। घटनास्थल से मिले सुराग, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही थी।
गिरफ्तार आरोपी
- नन्हे सिंह उर्फ समसेर राजपूत, पिता गुलाब सिंह राजपूत, उम्र 58 वर्ष, निवासी सुपारी थाना गाडरवारा, हाल निरंजन वार्ड गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर।
- आकाश उर्फ छोटू राजपूत, पिता निरंजन राजपूत, उम्र 25 वर्ष, निवासी निरंजन वार्ड गाडरवारा, थाना गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर।
- ब्रजेश गौड़, पिता ठाकुर प्रसाद गौड़, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम तेन्दूखेड़ा, थाना चीचली, हाल निरंजन वार्ड गाडरवारा, थाना गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर।
- रोहित उर्फ कुट्टू कीर, पिता दर्शन कीर, उम्र 21 वर्ष, निवासी निरंजन वार्ड गाडरवारा, थाना गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर।
बरामद सामान
गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने जैन मंदिर सगौरिया से चोरी की गई लगभग 100 वर्ष पुरानी भगवानों की दो प्रतिमाएं एवं सिंहासन, माता मंदिर लिलवानी से शंख रखने का पात्र, दान पेटी एवं आर्टिफिशियल ज्वेलरी, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और एक लोहे का कटर बरामद किया है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जैन मंदिर सगौरिया, माता मंदिर लिलवानी और खेरापति मंदिर तेन्दूखेड़ा में चोरी एवं चोरी के प्रयास की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपियों ने यह भी बताया कि शेष 16 प्रतिमाएं शक्कर नदी में फेंकी गई हैं।
विशेष पुलिस टीमों की भूमिका
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 3 विशेष टीमें गठित की गई थीं। इस कार्रवाई में अति. पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया, एसडीओपी तेंदूखेड़ा श्री अभिनव मिश्रा, एसडीओपी नरसिंहपुर श्री मनोज गुप्ता सहित करेली, गाडरवारा, पलोहा, तेन्दूखेड़ा और साइबर शाखा नरसिंहपुर की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फोकस कीवर्ड: नरसिंहपुर पुलिस ने चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया
