लोकेशन:- सोहागपुर।
संवाददाता:- शेख आरिफ।
मानदेय वृद्धि, लंबित भुगतान और मूलभूत सुविधाओं की मांग; जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में आंदोलन

सोहागपुर// आशा, ऊषा एवं आशा पर्यवेक्षक कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे स्वास्थ्य सेवाओं की अहम कड़ी हैं, इसके बावजूद उन्हें समय पर मानदेय और अन्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ज्ञापन में अगस्त 2025 से अप्रैल 2026 तक के लंबित भुगतान, केंद्र सरकार द्वारा घोषित ₹1500 प्रतिमाह मानदेय वृद्धि को एरियर सहित लागू करने और हर माह की 5 तरीख को नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में महिला डॉक्टरों की कमी, सोनोग्राफी सुविधा का अभाव, दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्र और एंबुलेंस की समस्या के कारण मरीजों को भारी परेशानी होती है। गांव स्तर पर सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। इसके अलावा आशा रेस्ट रूम निर्माण, नई ड्रेस व पहचान पत्र, ऑनलाइन कार्य के लिए 5जी मोबाइल-डाटा सुविधा और समिति फंड सीधे खातों में देने की मांग रखी गई।

ज्ञापन में सेवानिवृत्ति लाभ, पेंशन और स्वास्थ्य केंद्रों पर सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की भी बात कही गई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेश भर में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। एसडीएम प्रियंका भल्लवी एवं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर रेखा गुप्ता ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और जल्द लंबित भगतान कराने एवं अन्य समस्याओं का निराकरण कराने के आश्वासन के बाद कार्यकर्ता अपने काम पर वापिस लोट आई।
