छत पर गिरे गारे से भड़का विवाद, एक ही परिवार के दो पक्षों में मारपीट पुलिस ने काउंटर प्रकरण दर्ज कर शुरू की जांच
सोहागपुर// नगर के गौतम वार्ड, स्टेशन रोड क्षेत्र में छत पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद दोनों ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने काउंटर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के बताए अनुसार, फरियादी सृष्टि मोहन गुप्ता (पिता रमेश चंद्र गुप्ता) निवासी गौतम वार्ड ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि बीती शाम उनके मकान की छत से तेज आवाज आने पर जब वे ऊपर पहुंचे, तो देखा कि उनके मंझले भाई का बेटा रामेंद्र गुप्ता छत पर लगी लोहे की टीन को नुकसान पहुंचा रहा था। विरोध करने पर रामेंद्र ने गाली – गलौज करते हुए लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इसी दौरान उसका भाई शिवेंद्र गुप्ता भी मौके पर पहुंच गया और दोनों ने मिलकर मारपीट की। बीच-बचाव करने आए भतीजे आलोक कुमार को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ भी मारपीट की गई।
वहीं, दूसरे पक्ष से रामेंद्र कुमार गुप्ता ने भी थाने में काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके मकान की छत पर प्लास्टर का काम चल रहा था, इसी दौरान मिस्त्री के हाथ से सीमेंट-रेत का गारा सृष्टि मोहन के घर की ओर गिर गया। इसी बात को लेकर सृष्टि मोहन और आलोक कुमार ने विवाद करते हुए मारपीट की।
दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच (विवेचना) जारी है।
