शाम की सफारी में पर्यटकों ने देखा दुर्लभ नजारा, शंकरा और नए नर बाघ के बीच टेरिटोरियल फाइट

सोहागपुर// सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई जोन में रविवार शाम उस वक्त रोमांचक और खतरनाक दृश्य देखने को मिला, जब दो ताकतवर नर बाघ आमने-सामने आ गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मढ़ई क्षेत्र का चर्चित बाघ ‘शंकरा’ और एक नया नर बाघ अचानक एक-दूसरे के सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व (टेरिटोरियल फाइट) को लेकर जबरदस्त भिड़ंत शुरू हो गई। बाघों की दहाड़ से पूरा जंगल गूंज उठा और कुछ देर के लिए शांत मढ़ई क्षेत्र जंग के मैदान में तब्दील हो गया।

शाम की सफारी के दौरान मौजूद पर्यटकों ने इस दुर्लभ और रोमांचक नजारे को देखा और अपने कैमरों में कैद किया। इस घटना से पर्यटक जहां रोमांचित हुए, वहीं कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण भी बना रहा। सफारी से लौटने के बाद पर्यटकों ने मढ़ई गेट पर इसकी सूचना दी, जिसके बाद वन विभाग अलर्ट हो गया। अधिकारियों ने तत्काल टीम गठित कर क्षेत्र में बाघों की गतिविधियों की निगरानी शुरू कर दी है।वन विभाग के अनुसार, यह घटना बाघों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर होने वाले प्राकृतिक व्यवहार का हिस्सा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में सतत निगरानी रखी जा रही है। जंगल के इस रोमांचक लेकिन खतरनाक दृश्य ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वन्यजीवन में हर पल संघर्ष और संतुलन की जंग जारी रहती है।
