मुस्लिम समाज के इफ्तार कार्यक्रम में पहुंचकर दिया भाईचारे का संदेश, जनाज़ा नमाज़ स्थल के लिए विधायक निधि से राशि देने की घोषणा

सोहागपुर// पवित्र रमज़ान माह के अंतिम शुक्रवार अलविदा के जुमे के अवसर पर वसीम खान मित्र मंडली द्वारा आयोजित रोजा इफ्तार कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने रोजेदारों के साथ बैठकर इफ्तार किया और सभी को रमज़ान के साथ आगामी ईद की भी मुबारकबाद दी। कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के बुजुर्गों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि रमज़ान का पवित्र महीना त्याग, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं।



इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने लंबे समय से चली आ रही जनाज़ा नमाज़ पढ़ने के लिए उपयुक्त स्थान की समस्या विधायक के समक्ष रखी। समाज के लोगों ने बताया कि सैकड़ों वर्षों से अंतिम यात्रा की नमाज़ के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने समस्या के समाधान के लिए जनाज़ा नमाज़ स्थल के विकास, पेबल्स बिछाने तथा तार फेंसिंग कराने के लिए विधायक निधि से राशि देने की घोषणा की। विधायक की इस घोषणा से मुस्लिम समाज में खुशी का माहौल देखा गया और लोगों ने इसका स्वागत किया।




इफ्तार कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास और आपसी सहयोग को लेकर भी चर्चा की गई। अंत में सभी ने देश में अमन, शांति और तरक्की के लिए दुआ मांगी।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, सोहागपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, जहांगीर अल्वी, विजय छवड़िया, शेख हसीब (बंटी), पार्षद गौरव पालीवाल, इंदु दीवान, पार्षद आशीष विश्वकर्मा, पार्षद राकेश चौरसिया, अंकुश जायसवाल, रामबाबू रघुवंशी, नीरज यादव, रामाधार रघुवंशी, संजय तिवारी, इदरीश खान, राजा भाई, सोनू भाई, उमर बाबा, पत्रकार शेख आरिफ सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
