पुलिस ने 2 तोला सोने की चैन और मोटरसाइकिल की जब्त

पिपरिया। थाना पिपरिया (मंगलवारा) पुलिस ने महिला के गले से सोने की चैन छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी और एक विधि-विवादित किशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छीनी गई करीब दो तोला वजनी सोने की चैन बरामद कर ली है तथा चोरी की संपत्ति खरीदने वाले सुनार को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 को फरियादिया अंजना चतुर्वेदी, निवासी पंचमढ़ी रोड पिपरिया, ने थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम के समय वह मीठी गली से रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थीं, तभी बाइक सवार दो बदमाश उनके गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्ण एस. थोटा (IPS) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं एसडीओपी पिपरिया मोहित कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में आरोपियों की पहचान साकिब खान निवासी टावर मोहल्ला पिपरिया और एक विधि-विवादित किशोर निवासी हथवास के रूप में हुई।


मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 9 मार्च की रात रेलवे अंडरब्रिज पुलिया के पास से दोनों को मोटरसाइकिल क्रमांक MP05MK8040 सहित पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने छीनी गई चैन शोभापुर रोड निवासी सुनार रितिक सोनी को बेच दी थी। पुलिस ने सुनार को भी आरोपी बनाकर उसके पास से करीब दो तोला सोने की चैन बरामद कर ली है। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। कार्यवाही में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कुशवाहा, सहायक उपनिरीक्षक सुशील कुशवाहा, प्रधान आरक्षक पूनमचंद, महेन्द्र गौर, प्रकाश खेमरिया, अरुण जुदेव, गुरूप्रसाद, सनेह साहू, प्रतीक साहू, हेमंत, शिवम और राधेश्याम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
