सोहागपुर: रेलवे गेट से नयागांव, डूडादेह सीमा तक चोरो और शराबियों का आतंक, प्रशासन मौन

संवाददाता:- शेख आरिफ।

लिखित शिकायतों के बावजूद नहीं हुई ठोस कार्रवाई; नल-जल योजना की केबिन काट ले गए चोर

सोहागपुर// नयागांव, डूडादेह की सीमा से रेलवे गेट के पास नहर किनारे स्थित मड़ाई रोड क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं, वहीं शाम ढलते ही शराबियों का जमावड़ा आम दृश्य बन चुका है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग से कई गांवों का आवागमन जुड़ा हुआ है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन शाम होते ही रेलवे गेट से नयागांव, डूडादेह सीमा तक शराबियों के अड्डे सज जाते हैं। खुलेआम बैठकर शराबखोरी की जाती है, जिससे वातावरण असुरक्षित हो गया है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त लगभग न के बराबर है, जिसके कारण यह क्षेत्र शराबियों और संदिग्ध तत्वों की शरणस्थली बन गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी गई थी, परंतु जमीनी स्तर पर कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। नतीजतन स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने नल-जल योजना की केबिन को काटकर चोरी कर लिया। यह घटना न केवल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।


नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित और सघन गश्त सुनिश्चित की जाए, शराबियों के अवैध जमावड़े पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए। अन्यथा क्षेत्र में जनआक्रोश और असंतोष की स्थिति और गहराने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!