इटारसी रेलवे स्टेशन परिसर में यात्री पर चाकू से हमला, लूट की वारदात से दहशत

संवाददाता:- शेख आरिफ।

सोहागपुर/इटारसी// रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पुराने साइकिल स्टैंड स्थित मंदिर के पास अज्ञात बदमाशों ने एक यात्री पर चाकू से हमला कर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। हमले में यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे घटनास्थल पर ही लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।घायल यात्री ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बदमाशों ने अचानक उस पर चाकू से हमला किया और उसके पास मौजूद सामान छीन लिया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के समय आसपास कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने रेल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल यात्री को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।इस घटना ने रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही वाले इटारसी रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा इंतजाम अपेक्षित स्तर के नहीं हैं।रेल पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वारदात के बाद स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!