स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्रताप भानु सिंह चौहान अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट आज से

संवाददाता:- शेख आरिफ।

61 वें वर्ष में देश की जानी मानी टीमें आज करेंगी शिरकत।

सोहागपुर//नगर के जवाहरलाल नेहरू स्मृति महाविद्यालय मैदान पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय ठाकुर प्रताप भानु सिंह चौहान अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट आज से शुरू हो रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता अपने 61 वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, जो 5 फरवरी तक चलेगी। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर की नामचीन हॉकी टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के शिक्षा एवं परिवहन मंत्री डॉ. राव उदय प्रताप सिंह होंगे, जबकि अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह करेंगे।


टूर्नामेंट समिति के सचिव पवन सिंह चौहान एवं संयोजक अश्विनी सरोज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में केरल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित मध्यप्रदेश की सागर, इंदौर, सिवनी छपारा, जबलपुर, भोपाल, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम एवं इटारसी की टीमें भाग लेंगी।
उल्लेखनीय है कि यह टूर्नामेंट पिछले 61 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश के कई नामचीन खिलाड़ी हिस्सा ले चुके हैं। इसी मैदान पर हॉकी इंडिया के ओलंपियन अशोक ध्यानचंद, विवेक सागर और मधु यादव जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने भी खेल का प्रदर्शन किया है।
हॉकी टूर्नामेंट समिति ने नगर एवं क्षेत्र के खेल प्रेमियों से खेलों को प्रोत्साहन देने हेतु अधिक से अधिक संख्या में आज दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाले मुकाबलों में उपस्थित रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!