संवाददाता : शेख आरिफ
61 वर्षों की परंपरा, सोहागपुर में फिर सजेगा हॉकी का महाकुंभ

सोहागपुर// नगर के जवाहरलाल नेहरू स्मृति महाविद्यालय के खेल मैदान पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला प्रतिष्ठित अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट इस वर्ष अपने 61वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर प्रताप भानु सिंह चौहान की स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट 31 जनवरी से 5 फरवरी तक चलेगा। इस बहुप्रतीक्षित हॉकी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से नामी-गिरामी हॉकी टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि प्रदेश के शिक्षा एवं परिवहन मंत्री डॉ. राव उदय प्रताप सिंह होंगे, जबकि अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह करेंगे।
टूर्नामेंट समिति के सचिव पवन सिंह चौहान एवं संयोजक अश्विनी सरोज ने बताया कि इस वर्ष केरल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित मध्यप्रदेश की सागर, इंदौर, सिवनीछपारा, जबलपुर, भोपाल, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, इटारसी एवं सोहागपुर की टीमें प्रतियोगिता में भाग लेंगी।

यह ऐतिहासिक टूर्नामेंट पिछले 61 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा है, जिसमें देश के कई महान खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। इस मैदान पर हॉकी इंडिया के ओलंपियन अशोक ध्यानचंद, विवेक सागर और मधु यादव जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने भी खेला है। सोहागपुर का हॉकी टूर्नामेंट देशभर में अपनी एक अलग पहचान रखता है। टूर्नामेंट समिति ने खेल प्रेमियों और नागरिकों से अपील की है कि वे 31 जनवरी को दोपहर 2 बजे से अधिक से अधिक संख्या में मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें
