सोहागपुर// 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला नर्मदापुरम में आयोजित भव्य समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सोहागपुर थाना में पदस्थ महिला उप निरीक्षक मेघा उनेदिया, प्र.आर. 77 आरक्षक नरेन्द्र पटेल एवं आर. 707 रामेश को शाखा में सौंपे गए समस्त कर्तव्यों का अत्यंत लगन, निष्ठा और अनुशासन के साथ निर्वहन करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया कि उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उत्कृष्ट कार्य निष्पादन किया, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूती मिली और एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत हुआ। उनकी कार्यशैली, जिम्मेदारी के प्रति समर्पण और सेवा भावना की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विशेष सराहना की गई।

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा थोटा ने सम्मानित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इसी प्रकार निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करते रहने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर इस प्रकार का सम्मान न केवल कर्मठ पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाता है, बल्कि अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनता है। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान सेवा, कर्तव्य और अनुशासन की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
