मामूली विवाद में भाई की हत्या, नरसिंहपुर पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार
प्रेसविज्ञप्ति | दिनांक: 24 दिसम्बर 2025 | स्थान: गाडरवारा
नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के एक गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए सगे भाई की हत्या करने वाले आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इंद्रा कॉलोनी, गाडरवारा स्थित एक मकान में शराब के नशे में गाली-गलौज करने से मना करने पर बड़े भाई ने छोटे भाई की फावड़ा मारकर हत्या कर दी।
शराब के नशे में फावड़ा मारकर की गई हत्या
दिनांक 23 दिसम्बर 2025 की रात्रि लगभग 02:00 बजे, शैलेष उर्फ शैलेन्द्र उर्फ तेजराम धानक ने अपने छोटे भाई राकेश धानक पर प्राणघातक हमला किया। आरोपी अत्यधिक शराब के नशे में था तथा मामूली विवाद के दौरान उसने फावड़ा से वार कर छोटे भाई की घटनास्थल पर ही हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही गाडरवारा पुलिस द्वारा मौके पर पहुँचकर अपराध दर्ज किया गया एवं पंचनामा, शव परीक्षण सहित आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई।
फरार आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं एसडीओपी गाडरवारा रत्नेश मिश्रा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
सतत प्रयासों के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी फरार होने की फिराक में रेलवे स्टेशन गाडरवारा क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्रभावी घेराबंदी कर आरोपी शैलेष उर्फ शैलेन्द्र उर्फ तेजराम धानक निवासी इंद्रा कॉलोनी, आजाद वार्ड, गाडरवारा को गिरफ्तार कर लिया।
वैधानिक कार्यवाही एवं पुलिस टीम की भूमिका
आरोपी के विरुद्ध थाना गाडरवारा में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में ज्यूडिशियल रिमांड पर प्रस्तुत किया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक विक्रम रजक, उप निरीक्षक अर्जुन सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक रामगोपाल सिंह राजपूत, महेन्द्र शुक्ला, आरक्षक रूपेन्द्र चौबे, बालकृष्ण रघुवंशी, सुजीत बागरी, ऐश्वर्य वेंकट, शिवम पटैल, देवेन्द्र सोनवंशी एवं रामसिंह की सराहनीय भूमिका रही।
