संस्कार, संघर्ष और सफलता की मिसाल — परिवार के सहयोग से तय किया शिखर तक का सफर

सोहागपुर//नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर तहसील के होनहार छात्र सूर्यांश गहरैया ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) में 97.4 परसेंटाइल अर्जित किया है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन देश के प्रतिष्ठित संस्थान Indian Institute of Management Bangalore में हुआ है, जो विश्व में मैनेजमेंट शिक्षा के क्षेत्र में 29वें स्थान पर और भारत के शीर्ष दो संस्थानों में शुमार है। सूर्यांश की यह सफलता न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे सोहागपुर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनके पिता अनिल गहरैया स्वामी विवेकानंद एकेडमी के संस्थापक, समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता हैं, जबकि उनकी माता अनिता गहरैया एकेडमी की प्राचार्य होने के साथ – साथ एक समर्पित गृहणी भी हैं। व्यस्त सामाजिक और शैक्षणिक जिम्मेदारियों के बावजूद माता-पिता ने अपने बेटे सूर्यांश को हर परिस्थिति में न केवल पूरा सहयोग दिया, बल्कि उसे उत्कृष्ट शिक्षा के साथ उच्च संस्कार भी प्रदान किए। यही सुदृढ़ पारिवारिक नींव और मार्गदर्शन आज उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के रूप में सामने आया है।

सूर्यांश की शैक्षणिक यात्रा पर नजर डालें तो सूर्यांश शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं में 10 CGPA प्राप्त किया और 12वीं में 91% अंक हासिल कर ब्लॉक टॉपर बने। इसके बाद उन्होंने National Institute of Technology Surat से डिग्री पढ़ाई पूरी की, जहां से उनके करियर को नई दिशा मिली। सूर्यांश की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि मजबूत संस्कार, परिवार का समर्थन और निरंतर परिश्रम किसी भी लक्ष्य को हासिल करने की कुंजी है। आज उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बनकर उभरी है, जो यह संदेश देती है कि छोटे शहरों से भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।
