कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष के समक्ष खाद संकट और मूंग खरीदी में प्रति एकड़ रकवा बढ़ाने की मांग उठाई

सोहागपुर। भारतीय जनता पार्टी मंडल सोहागपुर की मंडल कार्यसमिति की बैठक शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सोहागपुर मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज ने बताया कि बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, पार्टी की गतिविधियों, बूथ सशक्तिकरण तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में सोहागपुर मंडल से अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। बैठक में बताया गया कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नर्मदापुरम में द्वारका सम्मेलन एवं जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें सोहागपुर मंडल से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक के बाद किसानों की समस्याओं पर मुखर हुए कार्यकर्ता
संगठनात्मक बैठक के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला के समक्ष प्रमुखता से उठाया। कार्यकर्ताओं ने बताया कि क्षेत्र में खाद की उपलब्धता और मूंग खरीदी में प्रति एकड़ निर्धारित रकवा कम होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि शासन द्वारा प्रति एकड़ मूंग खरीदी की निर्धारित सीमा बढ़ाई जाए, ताकि वास्तविक उत्पादन करने वाले किसानों को उनकी पूरी उपज का उचित लाभ मिल सके। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता स्वयं भी किसान है, इसलिए किसानों की समस्याओं को संगठन की ओर से गंभीरता से उठाया जाना आवश्यक है।
इस पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि किसानों की मांगों और समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयासरत है।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, मंडल प्रभारी अर्चना साहू, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लता यशवंत पटेल, मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, नगर परिषद उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, जिला मंत्री श्रीमती पुष्पा वर्मा, भाजपा नेता गोपाल महेश्वरी, जिला उपाध्यक्ष भगवान पटेल, अभिनव पालीवाल, यशवंत पटेल, महामंत्री मिथिलेश ठाकुर, ऋषभ गढ़वाल, एल्डरमैन नितिन कहार, पार्षद आशीष विश्वकर्मा, रवि उईके, संजय मेहरा, रामकुमार ठाकुर, रामबाबू रघुवंशी, दशरथ रघुवंशी, पवन चौधरी, रामाधार रघुवंशी, जगदीश अहिरवार, युगल रघुवंशी, रूपेश रघुवंशी, नीरज यादव, लकी किसनानी, तरुण पथरिया, त्रिवेंद्र कुशवाहा, कमलेश कहार, डालचंद साहू, राजेश चौधरी, शरद चौरसिया, निलेश खंडेलवाल, अनिल साहू, ललित बिश्नोई सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
