सुकरी के पास हुआ हादसा, घायलों का सोहागपुर अस्पताल में कराया गया प्राथमिक उपचार


सोहागपुर// सोहागपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह संदिपानी स्कूल की बस हादसे का शिकार हो गई। सुकरी के पास सुबह करीब 6:30 बजे बस क्रमांक MP 04 PA 2430 मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बस में सवार चार छात्र-छात्राएं घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोग पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर पहुंचाया।जानकारी के अनुसार संदिपानी स्कूल की बस छात्र-छात्राओं को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सुकरी के पास मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई और इसके बाद पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल छात्र-छात्राओं को बाहर निकाला। हादसे में रागनी पाल, मधु गुर्जर, ऋषभ ठाकुर और सौरभ ठाकुर, सभी उम्र करीब 14 वर्ष, घायल हुए हैं। ऋषभ ठाकुर और सौरभ ठाकुर कक्षा 9वीं के छात्र बताए गए हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।घायल छात्र-छात्राओं के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ पर बस फिसलने के बाद बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, मामले में सोहागपुर पुलिस ने बस चालक तुलसी प्रसाद पिता जुगल प्रसाद, उम्र 53 वर्ष, निवासी करणपुर के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा बस की रफ्तार, चालक की लापरवाही, सड़क की स्थिति और हादसे के अन्य कारणों की जांच की जा रही है।फिलहाल चारों घायल छात्र-छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया गया है। हादसे के बाद स्कूल बसों की सुरक्षा और बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों की रफ्तार को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी वजह सामने आ सकेगी।
