आभूषण की दुकान से सोने की अंगूठी चोरी, दो महिलाएं गिरफ्तार 60 हजार रुपये कीमत की अंगूठी बरामद

सोहागपुर// आभूषण की दुकान पर सोने की अंगूठी खरीदने के बहाने पहुंची दो महिलाओं द्वारा कथित रूप से अंगूठी चोरी किए जाने के मामले में सोहागपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की अंगूठी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को फरियादी रामशंकर पिता कृपाराम सोनी, उम्र 85 वर्ष, निवासी राजेंद्र वार्ड सोहागपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उसी दिन करीब शाम 4 बजे दो महिलाएं उनकी आभूषण की दुकान पर सोने की अंगूठी खरीदने के लिए आई थीं। इसी दौरान दुकान में रखे आभूषणों के डिब्बे से एक सोने की अंगूठी चोरी कर ली गई, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साईकृष्ण एस. थोटा (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सोहागपुर अरविंद शाह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया।

पुलिस टीम ने दुकान एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान की। जांच में दोनों महिलाओं की पहचान पिपरिया निवासी रमाबाई अहिरवार, उम्र 35 वर्ष और लक्ष्मी बाई कटिया, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस टीम ने दोनों को पिपरिया से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सोने की अंगूठी बरामद की गई, जिसका वजन करीब 5.51 ग्राम और कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सोहागपुर में अपराध क्रमांक 526/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी, उनि दिनेश पाल, सउनि गणेश राय, आरक्षक अजमेर सिंह परिहार, मनोहर दायमा, अफसर खान, संदीप चौधरी, राजकुमार यादव, महिला आरक्षक प्रीति सरयाम एवं रक्षा समिति सिया मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!