कड़ी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा का मिला सम्मान, वरिष्ठ अधिकारियों व क्षेत्रवासियों ने दी बधाई

नर्मदापुरम/सोहागपुर। पुलिस विभाग में कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यशैली और सराहनीय सेवाओं के लिए थाना सोहागपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक गणेश राय को केंद्रीय गृहमंत्री अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वर्ष 2023 की सेवाओं के लिए नामांकित किए गए गणेश राय को यह प्रतिष्ठित पदक 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के दौरान पुलिस लाइन नर्मदापुरम में प्रदान किया गया। केंद्रीय गृहमंत्री भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले इस प्रतिष्ठित पदक की घोषणा वर्ष 2024 में की गई थी। उस समय मध्यप्रदेश के 125 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक तथा 168 अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित किया गया था। खास बात यह है कि नर्मदापुरम संभाग के हरदा, रायसेन, बैतूल और नर्मदापुरम जिलों में थाना स्तर से अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित होने वाले अधिकारियों में सहायक उप निरीक्षक गणेश राय का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। पुलिस सेवा में उनके लंबे अनुभव, कर्तव्य के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है।

सहायक उप निरीक्षक गणेश राय को इससे पूर्व भी पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश की प्रशंसा, डीजीसीआर, कर्मवीर योद्धा सहित विभिन्न प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्राप्त हो चुके हैं। उनके इस सम्मान से सोहागपुर पुलिस सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पदक मिलने पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, थाना सोहागपुर के अधिकारी-कर्मचारियों तथा सोहागपुर क्षेत्र के नागरिकों ने सहायक उप निरीक्षक गणेश राय को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सहायक उप निरीक्षक गणेश राय ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवाओं के लिए अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत गरिमामय और हमेशा याद रहने वाला पल है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस विभाग में कड़ी मेहनत, ईमानदारी और पूरी लगन के साथ किए गए कार्यों का परिणाम है। उन्होंने पदक के लिए जिला एवं राज्य स्तर की ज्यूरी के साथ वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्मान ने बढ़ाया सोहागपुर का गौरव
गणेश राय को मिला यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत सेवाकाल की उपलब्धि है, बल्कि सोहागपुर पुलिस और पूरे क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है। उनके सम्मान से पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारियों में भी बेहतर कार्य करने और कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने का उत्साह बढ़ा है।
