सोहागपुर।
संवाददाता:- शेख आरिफ।
कलेक्टर, एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्रामीण जीवनशैली, संस्कृति और प्रकृति का लिया अनुभव, ‘एक जिला एक उत्पाद’ पहल को मिला बल


सोहागपुर// ग्रामीण अंचलों की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और पारंपरिक जीवनशैली को पर्यटन से जोड़कर रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में नर्मदापुरम जिला लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में “एक जिला एक उत्पाद” (ODOP) पहल के तहत मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से सोहागपुर विकासखंड के ग्राम छेंडका स्थित होमस्टे में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का रात्रि प्रवास आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित ग्रामीण पर्यटन परियोजना के अंतर्गत इंडियन ग्रामीण सर्विसेस (आईजीएस) के सहयोग से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण थोटा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन तथा वनमंडलाधिकारी गौरव शर्मा ने भाग लिया। अधिकारियों ने होमस्टे में रात्रि विश्राम कर ग्रामीण पर्यटन गतिविधियों, स्थानीय संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यटन मॉडल का गहन अवलोकन किया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस अधिकारियों ने टेलिस्कोप के माध्यम से चंद्रमा एवं अन्य खगोलीय पिंडों का अवलोकन किया। विशेषज्ञों ने उन्हें तारामंडल, ग्रहों तथा ब्रह्मांड से जुड़ी रोचक जानकारियां दीं। अधिकारियों ने इस नवाचार को ग्रामीण पर्यटन के लिए एक आकर्षक पहल बताते हुए इसकी सराहना की।
बैलगाड़ी की सवारी और गुल्ली-डंडा का आनंद


दूसरे दिन सुबह अधिकारियों ने पारंपरिक ग्रामीण जीवनशैली को करीब से महसूस किया। उन्होंने बैलगाड़ी की सवारी की, ग्रामीण खेल ‘गुल्ली-डंडा’ में हिस्सा लिया और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा। ग्रामीणों से संवाद के दौरान उन्होंने क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को समझने का प्रयास किया।
रोजगार और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनेगा ग्रामीण पर्यटन
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण पर्यटन केवल प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराता है। उन्होंने नागरिकों से अपने गांवों की विशिष्ट पहचान, लोक संस्कृति और परंपराओं को पर्यटन से जोड़ने का आह्वान करते हुए ग्रामीण पर्यटन को जनआंदोलन का रूप देने की बात कही। साथ ही पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का संदेश भी दिया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसडीएम सोहागपुर प्रियंका भल्लावी, जनपद पंचायत सीईओ प्रवल, जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी सुमित कुमार पांडे, आईजीएस संस्था के महेश प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ग्रामीण पर्यटन की इस पहल ने छेंडका को जिले के उभरते पर्यटन केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया है।
