ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के साथ चला स्वच्छता अभियान, भारत सरकार ने की नर्मदापुरम की पहल की सराहना

मुस्लिम समाज की जागरूकता और जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को मिली नई पहचान

सोहागपुर/नर्मदापुरम// ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर नर्मदापुरम में निकाले गए जुलूस के साथ नगरपालिका द्वारा चलाए गए विशेष चलित स्वच्छता अभियान की देशभर में सराहना हो रही है। भारत सरकार के शहरी विकास मंत्रालय के स्वच्छ भारत अर्बन के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर नर्मदापुरम नगरपालिका के इस अभिनव प्रयास की तस्वीरें साझा कर अभियान की प्रशंसा की गई है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर नगरपालिका द्वारा ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के पीछे सफाई कर्मचारियों की टीम लगाई गई थी, जो जुलूस के आगे बढ़ने के साथ ही मार्ग की सफाई करती चल रही थी। इसका उद्देश्य जुलूस के बाद सड़कों पर कचरा जमा न होने देना और स्वच्छता के साथ धार्मिक आयोजन की मिसाल पेश करना था। भारत सरकार के स्वच्छ भारत अर्बन पेज पर इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी से संचालित विशेष स्वच्छता अभियान और जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में उल्लेखित किया गया। पोस्ट में कहा गया कि अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने सहयोग किया और यह स्वच्छता के प्रति नागरिकों की जागरूकता को दर्शाता है।


मुस्लिम समाज ने पेश की जिम्मेदारी की मिसाल:- इस अभियान की सबसे खास बात रही कि ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में शामिल मुस्लिम समाज के लोगों ने भी स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करते हुए साफ-सफाई और अनुशासन का संदेश दिया। धार्मिक आस्था के साथ शहर की स्वच्छता को लेकर दिखाई गई यह जिम्मेदारी सामाजिक सौहार्द और जागरूक नागरिकता की एक सकारात्मक मिसाल बनकर सामने आई।
नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान को भारत सरकार के स्वच्छ भारत अर्बन के आधिकारिक एक्स पेज पर स्थान मिलना नगरपालिका के लिए गौरव की बात है।


स्वच्छ भारत अभियान के नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी ने कहा कि नगरपालिका का प्रयास है कि स्वच्छता के क्षेत्र में नर्मदापुरम को देश में नंबर-1 बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाए। नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने कहा कि भारत सरकार द्वारा अभियान की तस्वीरें साझा कर नर्मदापुरम की जनता और विशेष रूप से अभियान में सहयोग करने वाले नागरिकों की सराहना की गई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही यह अभियान सफल हो सका और शहर को स्वच्छ रखने के लिए इसी तरह जनसहयोग आगे भी जरूरी है।
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के साथ स्वच्छता का संदेश—नर्मदापुरम की यह पहल धार्मिक आयोजन, सामाजिक सौहार्द और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की एक खूबसूरत मिसाल बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!