सोहागपुर: पेड़ से टकराई कार, दंपति गंभीर घायल; डायल-112 की तत्परता से बची जान

हादसे की सूचना मिलते ही दौड़ी डायल-112, कार में फंसे दंपति को निकालकर पहुंचाया अस्पताल; मासूम बच्चे को सुरक्षित रख पुलिस ने दिखाई मानवता

सोहागपुर। ग्राम बरबानी स्थित महाराष्ट्रीयन ढाबे के पास आज सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद करीब एक साल का बच्चा सुरक्षित बताया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक के.के. ठाकुर एवं पायलट विक्रम वंशकार ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल गोल्डन ऑवर के भीतर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हादसे के दौरान पुलिस टीम ने मानवता का परिचय देते हुए करीब एक साल के बच्चे को भी सुरक्षित अपने पास रखा और उसकी देखभाल की। पुलिसकर्मियों की यह तत्परता और संवेदनशीलता हादसे के बीच राहत की बड़ी वजह बनी। घायलों की पहचान पार्वती नागले एवं जीवन विश्वकर्मा, निवासी भौंरा शाहपुरा, के रूप में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार दोनों अपने रिश्तेदार, जो बनखेड़ी स्टेशन क्षेत्र में रहते हैं, के यहां से कार से अपने घर भौंरा शाहपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सोहागपुर के ग्राम बरबानी के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।पुलिस की तत्परता बनी जीवनरक्षक हादसे के बाद डायल-112 टीम ने जिस तेजी से मौके पर पहुंचकर घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, वह पुलिस की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण है। विशेष रूप से बच्चे को सुरक्षित अपने पास रखकर उसकी देखभाल करना यह दर्शाता है कि पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में जनसेवा और मानवता के लिए भी पूरी जिम्मेदारी से खड़ी रहती है। प्रधान आरक्षक के.के. ठाकुर और पायलट विक्रम बंशकार की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!