माखन नगर: नर्मदापुरम जिले में फिर निशाने पर ऐतिहासिक मजार, बे-अदबी से भड़का आक्रोश

पूर्व की घटनाओं का भी श्रद्धालुओं ने किया जिक्र, पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच ।

माखननगर, सोहागपुर। नर्मदापुरम जिले के माखननगर स्थित होशंगशाह ग़ौरी शाह बादशाह र.त की ऐतिहासिक मजार में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ एवं धार्मिक पुस्तकों के साथ बे-अदबी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मजार परिसर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी तत्काल मौके पर पहुंच गया। एसडीओपी संजू चौहान, माखननगर थाना प्रभारी कंचन ठाकुर, सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी सहित पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) एवं साइबर सेल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और घटना की बारीकी से जांच की। पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

श्रद्धालुओं ने की दो दिन में खुलासे की मांग, आंदोलन की चेतावनी

वहीं बाबा के श्रद्धालुओं का कहना है कि पूर्व में भी ज़िले की ऐतिहासिक मजारों पर इस तरह की घटनाएं असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से की जा चुकी हैं। श्रद्धालुओं ने कहा कि वे जांच में पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं, लेकिन यदि दो दिनों के भीतर घटना का खुलासा नहीं होता है तो समस्त धर्मप्रेमी एवं बाबा के श्रद्धालु आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

श्रद्धालुओं ने पूर्व की घटनाओं का किया उल्लेख:- घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में ऐतिहासिक मजारों को निशाना बनाए जाने जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि इससे पहले पचमढ़ी मार्ग स्थित देनवा दर्शन की ऐतिहासिक मजार पर भी असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाई गई थी। इसके अलावा सेमरी हरचंद क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है। अब माखननगर के बागड़ा स्थित ऐतिहासिक मजार पर हुई घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। कुछ श्रद्धालुओं ने आशंका जताई कि इन घटनाओं का उद्देश्य क्षेत्र के आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करना तथा धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाना हो सकता है। उनका कहना है कि यदि इस प्रकार की घटनाओं का समय रहते खुलासा नहीं हुआ तो असामाजिक तत्वों के हौसले और बढ़ सकते हैं। हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक इन आशंकाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों की जल्द पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!