ग्राम कामती की रात्रिकालीन चौपाल में मौके पर समस्याओं का समाधान, बच्चों को मिला प्रोत्साहन, अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश

सोहागपुर। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के निर्देश पर प्रशासन आपके द्वारा अभियान के तहत नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम कामती में रात्रिकालीन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन मौजूद रहे। चौपाल में पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व, वन्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पंचायत सचिव को निर्देशित किया कि प्रत्येक मंगलवार पंचायत भवन में नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाए, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। चौपाल के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने गांव के नन्हे-मुन्ने बच्चों को अपने पास बुलाकर उनसे सामान्य ज्ञान और पढ़ाई से जुड़े रोचक सवाल पूछे। बच्चों ने सभी सवालों के सही जवाब दिए, जिससे खुश होकर कलेक्टर ने उन्हें कॉपी, पेन और चॉकलेट देकर सम्मानित किया। यह दृश्य ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।



पशुपालन विभाग की लापरवाही पर कलेक्टर नाराज/ग्रामीणो को झोलाछाप डॉक्टरों से बचने की सलाह
चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसी दौरान पशुपालन विभाग की टीम अनुपस्थित मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तत्काल पूरी टीम को बुलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आदेश दिया कि रात में ही पूरे गांव में पशुओं का टीकाकरण किया जाए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को झोलाछाप डॉक्टरों और झाड़-फूंक से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी बीमारी में शासकीय अस्पताल में योग्य डॉक्टर से ही उपचार कराएं। एसपी साईं कृष्णा थोटा ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने, ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत करने और डायल 112 सेवा की जानकारी दी। वहीं डीएफओ ने वन्यजीव संरक्षण, जंगल बचाने और वन अपराधों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।
प्रशासन का किसानों को राहत का भरोसा।
पत्रकारों द्वारा खाद-बीज और मूंग खरीदी को लेकर पूछे गए सवाल पर कलेक्टर ने कहा कि इस बार ई पोर्टल के माध्यम से सोसाइटीज में खाद उपलब्ध कराएंगे किसानों को नजदीकी ही खाद बीज मिले सकेगा इस बार किसानों को जो ई-टोकन जारी होगे उनकी वैधता तीन दिन तक रहेगी किसान ई-पोर्टल का ही स्तेमाल करें अपना नंबर आने पर ही खाद बीज क्रय करने आए साथ ही मूंग खरीदी भी बेहतर इंतजामों के साथ की जाएगी, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जब ग्रामीणों के बीच ‘मसीहा’ बनकर बैठीं एसडीएम प्रियंका भल्लवी



इन सबके बीच कार्यक्रम में एक भावुक और मानवीय दृश्य भी देखने को मिला। ऐसा लगा मानो ग्रामीणों के बीच कोई अधिकारी नहीं बल्कि उनका अपना मसीहा बैठा हो। सोहागपुर एसडीएम प्रियंका भल्लवी ग्रामीण महिलाओं और बुजुर्गों के बीच जमीन पर बैठ गईं और उनसे उनकी ही भाषा और अंदाज में समस्याएं पूछीं। महिलाओं ने भी बिना किसी डर और संकोच के अपनी परेशानियां खुलकर एसडीएम के सामने रखीं। एसडीएम प्रियंका भल्लवी ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उनका सहज, सरल और संवेदनशील व्यवहार ग्रामीणों के दिल को छू गया। ग्रामीण महिलाओं ने कहा, “एसडीएम बिटिया जैसी अधिकारी हमारे बीच हैं, जो हमारी समस्याएं सुनती भी हैं और उनका समाधान भी करती हैं। हमें उनसे बात करने में डर नहीं लगता। हमारी तरफ से बिटिया को ढेर सारा आशीर्वाद।” शासकीय स्कूल से पढ़कर अपने बलबूते पर प्रशासनिक अधिकारी बनीं प्रियंका भल्लवी का यह व्यवहार चौपाल में चर्चा का विषय बना रहा और ग्रामीणों के बीच प्रशासन के प्रति विश्वास को और मजबूत करता नजर आया।
