सोहागपुर: सी4 सिटी मॉल की जांच बेनतीजा, खाद्य विभाग को नहीं मिले ठोस प्रमाण

खाद्य विभाग की टीम को नहीं मिली अनियमितता, संचालक ने कहा—एकतरफा थीं खबरें

सोहागपुर// नगर के सी4 सिटी मॉल को लेकर हाल ही में सामने आई शिकायतों और मीडिया में प्रसारित खबरों के बाद प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में कोई ठोस अनियमितता सामने नहीं आई है। खाद्य विभाग की टीम विस्तृत निरीक्षण के बाद बिना कार्रवाई किए लौट गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नर्मदापुरम संभाग पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में होशंगाबाद जिला खाद्य विभाग की टीम ने मॉल पहुंचकर सघन जांच की। इस दौरान टीम ने मॉल में संचालित विभिन्न स्टालों में रखे खाद्य पदार्थों एवं अन्य उत्पादों की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट, स्टोरेज व्यवस्था और साफ – सफाई का बारीकी से परीक्षण किया। जांच के दौरान उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं का गंभीरता से निरीक्षण किया गया, लेकिन कहीं भी ऐसे प्रमाण नहीं मिले, जिनसे यह साबित हो सके कि मॉल में बड़े स्तर पर एक्सपायरी या निम्न गुणवत्ता के उत्पाद बेचे जा रहे हैं। पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में विभाग ने किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की हालांकि अधिकारीयों ने नमकीन वा खड़ी हल्दी के नमूने जांच के लिये लेकर प्रक्रिया पूर्ण कर टीम वापस लौट गई।

मॉल संचालक ने बताया खबरों को भ्रामक

जांच के बाद मॉल संचालक ने प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व में प्रकाशित खबरों को भ्रामक और तथ्यों से परे बताया। उनका कहना है कि कुछ समाचार माध्यमों ने बिना पुष्टि के एकतरफा खबरें प्रकाशित कर मॉल की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। संचालक के अनुसार, जांच के दौरान टीम को मौके पर कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि लगाए गए आरोप निराधार थे। उन्होंने यह भी कहा कि खबर प्रकाशित करने से पहले उनका पक्ष नहीं लिया गया, जिससे एकतरफा स्थिति निर्मित हुई।

प्रशासनिक जांच के बाद स्थिति स्पष्ट:- खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद फिलहाल मामला शांत होता नजर आ रहा है। जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने न आने से मॉल प्रबंधन को राहत मिली है, वहीं बिना पुष्टि के प्रसारित खबरों को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि उपभोक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए आगे भी समय – समय पर निरीक्षण जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!