आज ग्राम कामती में लेंगे जनसंवाद एवं संगठनात्मक समीक्षा बैठक
सोहागपुर// प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदरणीय दिग्विजय सिंह (राजा साहब) आज ग्राम कामती आगमन प्रस्तावित है। वे दोपहर 1 बजे ग्राम कामती पहुंचकर क्षेत्र के आदिवासी भाई-बहनों से सीधा संवाद करेंगे। बताया जा रहा है कि दिग्विजय सिंह का यह दौरा क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे लोकल मुद्दों को लेकर हो रहा है।
इनमें प्रमुख रूप से:- मनरेगा मजदूरों को समय पर मजदूरी का भुगतान न होना, आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी,ग्राम पंचायतों को अधिकारों से वंचित करना, पेयजल संकट,खस्ताहाल ग्रामीण सड़कें,स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्थाओं की बदहाली, तथा सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और लापरवाही जैसे मुद्दे शामिल हैं।इन सभी विषयों को लेकर दिग्विजय सिंह मनरेगा बचाओ अभियान के तहत ग्रामीणों, मजदूरों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे और जमीनी समस्याओं की जानकारी लेकर आगे की रणनीति तय करेंगे।
इसके साथ ही वे ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटियों की संगठनात्मक समीक्षा बैठक लेकर संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने एवं आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोहागपुर के अध्यक्ष सुधीर सिंह ठाकुर ने ब्लॉक के सभी कांग्रेसजनों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील करते हुए कहा कि यह दौरा क्षेत्र की आवाज़ को प्रदेश और दिल्ली तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।नगर कांग्रेस कमेटी सोहागपुर के अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल ने कहा कि दिग्विजय सिंह का यह दौरा ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की उपेक्षा के खिलाफ एक मजबूत राजनीतिक संदेश देगा।कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है।
