अब हार्ट, किडनी और लीवर की गंभीर बीमारियों की जांच स्थानीय स्तर पर होगी, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

सोहागपुर// मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) भवन का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नवीन बीपीएचयू भवन शुरू होने से अब क्षेत्र के नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी।

पहले हार्ट, किडनी और लीवर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को करीब 50 किलोमीटर दूर नर्मदापुरम जाना पड़ता था, लेकिन अब इन बीमारियों से संबंधित कई जरूरी जांचें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर में ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेगा।
स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने से बीमारियों का समय रहते पता लग सकेगा और तुरंत उपचार शुरू किया जा सकेगा, जिससे कई गंभीर बीमारियों को शुरुआती अवस्था में ही नियंत्रित करना संभव होगा। यह सुविधा क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत और महत्वपूर्ण सौगात मानी जा रही है।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और अंचल क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस नए बीपीएचयू भवन के शुरू होने से सोहागपुर क्षेत्र के हजारों नागरिकों को लाभ मिलेगा और गंभीर बीमारियों की जांच स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है और इसके लिए वे लगातार प्रयासरत रहे हैं ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में मिल सकें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस नई स्वास्थ्य सुविधा के लिए शासन और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, सोहागपुर मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज, अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, पार्षद आशीष वश्वकर्मा, नीरज यादव, अंकुश जयसवाल, रामबाबू रघुवंशी, लखन रघुवंशी, BMO रेखा सिंह गौर, डॉक्टर कमलेश वश्वास, डॉ नेहा एवं समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्टाफ मौजूद रहा।
