सोहागपुर।संवाददाता:- शेख आरिफ।
मछली पकड़ने गए तीन युवकों पर आदमखोर टाइगर ने किया जानलेवा हमला, इसे पूर्व में भी दो बार इंसानों पर हमला कर चुका है टाईगर।

सोहागपुर// सतपुड़ा टाइगर रिजर्व मढ़ई के कोर एरिया देनवा वेक वॉटर में मछली का शिकार करने गए युवकों पर देर रात टाइगर ने हमला कर दिया जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल युवक को होशंगाबाद रिफर कर दिया। घटना की जानकारी लगते ही एसडीओ अंकित जामोद, रेंजर उपाध्याय, रेंजर पी एन ठाकुर मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ गंभीर घायल युवक को इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर लाये।
भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज पहुंचे सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र:-

घटना की सूचना लगता ही सोहागपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्विनी सरोज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर पहुंचे और घायल का हाल-चाल जाना घायल के परिवार जनों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व बागड़ा बफर के एसडीओ अंकित जामोद ने बताया कि तीनो युवक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के कोर एरिया के देनवा वेक वाटर में मछली पकड़ने गए थे जैसे ही वह घाट पर पहुंचे वहां पर उनका आमना – सामना टाइगर से हो गया। टाइगर ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, तीनों युवक जान बचाने के लिए वेक वाटर के पानी में कूद गए टाइगर भी उनके पीछे-पीछे पानी में कूद गया। टाइगर और उनके बीच लंम्बा संघर्ष हुआ इस बीच टाइगर ने एक युवक राजेंद्र को घायल कर दिया, टाइगर राजेंद्र को घसीटते जंगल में ले जाने लगा तभी साथी युवकों ने बहादुरी दिखाकर टाइगर के पंजों से राजेंद्र को मुक्त कराया। हमले के बाद तीनों युवक रात 12:00 से सुबह 7:00 तक पानी में ही बैठे रहे और टाइगर सामने बैठा रहा लगभग 7 घंटे तक एक दूसरे के सामने बैठे रहने के बाद टाइगर सुबह जंगल में भाग गया तब तीनों युवक नाव से वापस आकर गांव में टाइगर के हमले की सूचना दी।
