पुलिस मुख्यालय में सादगी व गरिमा के साथ मना ईद मिलन, डीजीपी ने दिया सौहार्द का संदेश

भोपाल/सोहागपुर। पुलिस मुख्यालय में आज सादगी, गरिमा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में ईद मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में आत्मीयता और आपसी भाईचारे का विशेष माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर डीजीपी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईद की हार्दिक मुबारकबाद देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार समाज में प्रेम, करुणा, आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है, जिसे हमें अपने दैनिक जीवन में भी अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डीजीपी का स्वागत किया। इसके साथ ही सभी ने एक-दूसरे को ईद की शुभकामनाएँ दीं और सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव एवं सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर यह भी उल्लेख किया गया कि ईद केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सह-अस्तित्व का प्रतीक है, जो विभिन्न वर्गों और समुदायों को जोड़ने का कार्य करता है।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा भी इन मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज में शांति, कानून व्यवस्था और आपसी विश्वास को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस विभाग की यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच संबंधों को भी मजबूत करती है। कार्यक्रम के अंत में प्रदेशवासियों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सभी के सुखद एवं सुरक्षित जीवन की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!