एसडीएम प्रियंका भलावी होटल-ढाबों को कमर्शियल सिलेंडर नहीं देने के आदेश
सोहागपुर// कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार गुरुवार को सोहागपुर अनुभाग स्तर पर एलपीजी गैस एजेंसियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रियंका भलावी ने की, जिसमें जेएसओ सहित संबंधित अधिकारी एवं गैस एजेंसी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में खनूजा एचपी गैस, राधिका भारत गैस एवं आदर्श भारत गैस शोभापुर के प्रतिनिधियों ने बताया कि डिपो से एजेंसियों को नियमित रूप से हर दो दिन में गैस की आपूर्ति मिल रही है तथा घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता 25 दिन पूर्ण होने के बाद गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।

एसडीएम प्रियंका भलावी ने शासन द्वारा जारी निर्देशों का हवाला देते हुए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर केवल अत्यावश्यक सेवाओं जैसे शैक्षणिक संस्थानों और चिकित्सालयों को ही उपलब्ध कराए जाएं तथा किसी भी होटल या ढाबे को इनकी सप्लाई नहीं की जाए। बैठक के दौरान सभी गैस एजेंसियों से घरेलू व कमर्शियल कनेक्शनों की संख्या और उपलब्ध गैस स्टॉक की जानकारी भी ली गई। एसडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी हॉकर या वितरक की मिलीभगत से घरेलू गैस सिलेंडरों का कमर्शियल उपयोग या डायवर्जन पाया गया तो संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
