मूंग-उड़द खरीदी की घोषणा के बाद अनिश्चितकालीन धरना समाप्त

गाडरवारा। पूर्व विधायक श्रीमती सुनीता पटेल के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को मुख्यमंत्री द्वारा 19 जून से किसानों की मूंग एवं उड़द की उपज के पंजीयन की घोषणा के बाद समाप्त किया गया। यह धरना 10 जून से मंडी गेट के सामने आरंभ हुआ था और किसानों को समर्थन मूल्य पर उपज बेचने की माँग को लेकर किया जा रहा था।

पूर्व विधायक सुनीता पटेल ने कहा कि किसानों, कांग्रेसजनों एवं आम जनता ने मिलकर जो संघर्ष किया, उसके परिणामस्वरूप सरकार को झुकना पड़ा और किसानों के हित में निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह फैसला अगर पहले होता, तो उन किसानों को भी लाभ मिल जाता, जिन्होंने मजबूरी में मंडी में मूंग बेच दी।

धरना समापन के अवसर पर पूर्व विधायक दीनदयाल ढिमोले, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, किसान कांग्रेस अध्यक्ष संतोष पटेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक पटेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता जायसवाल सहित कई कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति रही। धरना स्थल से सभी नेता जुलूस की शक्ल में राठी तिराहे स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुँचे और पूजा अर्चना कर धरने का समापन किया।

धरना के बाद कांग्रेस के महामंत्री सतीश सैनी ने सभी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!