संवाददाता:- शेख आरिफ।
रेवा मुहारी खदान के नाम पर छोटी नदियों से उत्खनन, रायल्टी के नाम पर अवैध पर्ची कटने की चर्चा

सोहागपुर// नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले तीन महीनों से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं। शासन द्वारा स्वीकृत रेत खदान केवल रेवा मुहारी स्थित नर्मदा नदी घाट पर है, इसके बावजूद पलकमती सहित अन्य सहायक नदियों से रेत निकाले जाने की चर्चा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शहरी क्षेत्र और आसपास के ग्रामों से ट्रैक्टर – ट्रॉलियों के माध्यम से रेत का परिवहन खुलेआम किया जा रहा है। आरोप है कि रायल्टी के नाम पर अवैध रूप से पर्चियां काटी जा रही हैं और प्रति ट्रिप राशि वसूली जा रही है।
शोभापुर, सोहागपुर, सेमरी हरचंद, चल रहा उत्खनन का खेल।
बताया जा रहा है कि शोभापुर, सेमरी और सोहागपुर क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा रेत ठेका कंपनी की मौखिक सहमति का हवाला देकर उत्खनन कराया जा रहा है। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि रेत का अधिकृत उठाव केवल रेवा मुहारी खदान से ही किया जा रहा है। रायल्टी के नाम पर कथित वसूली के कारण बाजार में रेत की कीमतों में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे आमजन और निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। रेत के कारोबार को लेकर आपसी विवाद की शिकायतें भी स्थानीय पुलिस तक पहुंची हैं।
इनका कहना है:- “प्रियंका भल्लावी ने बताया कि यदि अन्य नदियों से अवैध उत्खनन या रायल्टी के नाम पर पर्ची काटने की पुष्टि होती है तो संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की निगरानी और संभावित कार्रवाई पर स्थानीय नागरिकों की नजर बनी हुई है।
