“गोल्डन ऑवर” (पहले एक घंटे) के भीतर घायल को अस्पताल पहुंचाने राह वीर योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन एवं संरक्षण दिया जाएगा।

सोहागपुर // यातायात जागरूकता अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस नर्मदापुरम द्वारा “राह वीर योजना” के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान सेमरी हरचंद कृषि उपज मंडी, कृषि उपज मंडी सोहागपुर तथा बालक हाई स्कूल में थाना सोहागपुर एवं चौकी सेमरी के पुलिस बल के साथ, एसडीओपी सोहागपुर के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।कार्यक्रम के दौरान मंडी में उपस्थित किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई नागरिक दुर्घटना के “गोल्डन ऑवर” (पहले एक घंटे) के भीतर घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहायता करता है, तो राज्य शासन द्वारा राह वीर योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन एवं संरक्षण दिया जाता है।अभियान के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रेडियम पट्टियां लगाई गईं तथा सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई। इसी क्रम में बालक हाई स्कूल में छात्रों एवं विद्यालय स्टाफ को हेलमेट, सीट बेल्ट, सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। सोहागपुर पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन हेतु प्रतिदिन विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के 08 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 07 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। माननीय न्यायालय सोहागपुर द्वारा इन मामलों में कुल 75,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही, संबंधित वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित कर आरटीओ नर्मदापुरम को भेजी जा रही है।
इसके अतिरिक्त, हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरहाइट एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 100 प्रकरणों में 43,800 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल कानून से नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता से संभव है।इस जागरूकता अभियान में एसडीओपी सोहागपुर संजू चौहान, थाना प्रभारी उषा मरावी, उपनिरीक्षक आकाशदीप, सहायक उप निरीक्षक गणेश राय, प्रधान आरक्षक नरेंद्र, आरक्षक अतुल, सेवक एवं नंदकिशोर सहित पुलिस बल उपस्थित रहा।
