4.22 करोड़ की 9,899 बोरी मूंग गायब, माखननगर का एकलव्य वेयरहाउस ब्लैकलिस्ट

संवाददाता:- शेख आरिफ।

एफआईआर के बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं; भंडारण व्यवस्था से पृथक, वसूली की कार्रवाई संभव

माखननगर/सोहागपुर। सरकारी उपार्जन की मूंग के भंडारण में बड़े स्तर पर अनियमितता सामने आई है। करीब 4 करोड़ 22 लाख 21 हजार 710 रुपये मूल्य की 9,899 बोरी मूंग गायब पाए जाने के मामले में माखननगर स्थित एकलव्य वेयरहाउस को आगामी आदेश तक भंडारण व्यवस्था से पृथक करते हुए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है प्रशासनिक जांच में स्टॉक सत्यापन के दौरान उक्त मात्रा में मूंग का अभाव पाया गया, जिसके बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की। निरीक्षण में खुला मामला सूत्रों के अनुसार समर्थन मूल्य पर खरीदी गई मूंग का भंडारण एकलव्य वेयरहाउस में किया गया था। नियमित भौतिक सत्यापन के दौरान स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक भंडारण में भारी अंतर सामने आया। जांच में 9,899 बोरी मूंग कम पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 4.22 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। मामले को गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया था जिसके बाद वेयरहाउस संचालक, अधिकृत प्रतिनिधि तथा चौकीदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। पुलिस स्तर पर जांच जारी है और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन का मानना है कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा में लापरवाही गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है।

स्पष्टीकरण का अवसर, पर जवाब नहीं

विभाग ने वेयरहाउस संचालक को पत्र जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का अवसर दिया था। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर वेयरहाउस को आगामी आदेश तक भंडारण कार्य से पृथक कर ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद संबंधित वेयरहाउस में भविष्य में सरकारी उपार्जित अनाज का भंडारण नहीं किया जाएगा।

अब आगे क्या ?
सूत्रों के अनुसार अब आर्थिक क्षति की वसूली, अनुबंध शर्तों की समीक्षा तथा अन्य संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय किए जाने की संभावना है। जिले में इस घटना के बाद भंडारण व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि सरकारी अनाज की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!