एसपी नर्मदापुरम द्वारा संबंधित पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के नगद इनाम की घोषणा

सोहागपुर// महिलाओं एवं बालक – बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पुलिस द्वारा गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिगों की तलाश में लगातार सक्रियता बरती जा रही है। हाल ही में थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 4 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम द्वारा संबंधित टीम को 10 हजार रुपये के नगद इनाम की घोषणा की गई है।
पुलिस के अनुसार नाबालिगों के गुमशुदा होने की घटनाओं में सतर्कता और सजगता के साथ-साथ परिजनों एवं समाज की जागरूकता भी बेहद आवश्यक है। इसी कड़ी में एक अन्य मामले में तला मोहल्ला निवासी महिला ने अपने 15 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर पुत्र के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला के अस्पताल जाने के दौरान बालक घर से गायब हो गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र 2 घंटे में बालक को खोजकर सकुशल परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि जिले में 1 अप्रैल से ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसके तहत अब तक लापता बच्चों की तलाश के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
जिले में गुमशुदगी की स्थिति:
इस वर्ष अब तक थाना क्षेत्र में 3 बालक गुमशुदा हुए, जिनमें से 1 को बरामद कर लिया गया है, जबकि 2 की तलाश जारी है। वहीं 6 बालिकाओं के गुमशुदा होने के मामलों में 5 को दस्तयाब कर उनके परिजनों को सौंपा जा चुका है, जबकि 1 बालिका की तलाश जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बालक या बालिका के गुमशुदा होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें, जिससे शीघ्र कार्रवाई संभव हो सके।
