संवाददाता:- शेख आरिफ।
एसडीएम की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य अमले को सख्त निर्देश, घर-घर जागरूकता अभियान चलाने के आदेश
सोहागपुर// सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोहागपुर में 14 से 15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं के एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में रविवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोहागपुर द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में जागरूकता अभियान और व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक 14 से 15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी संस्था प्रभारी, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर, आरबीएसके मेडिकल ऑफिसर, सेक्टर सुपरवाइजर, एलएचवी, सीएचओ, एएनएम, आशा सुपरवाइजर तथा आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।


बैठक में बताया गया कि किशोरी बालिकाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोहागपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरीहरचंद एवं शोभापुर में आयोजित टीकाकरण सत्रों में लाकर एचपीवी वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों के अनुसार सेक्टर मेडिकल ऑफिसर ग्राम स्तर पर पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाएंगे तथा सहमति पत्र के साथ अधिक से अधिक किशोरी बालिकाओं को टीकाकरण सत्र में भेजना सुनिश्चित करेंगे। वहीं उप स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर सीएचओ, एएनएम, आशा सुपरवाइजर और आशा कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्डों में भ्रमण कर अभिभावकों को टीकाकरण के लिए जागरूक करेंगे। साथ ही आरबीएसके मेडिकल ऑफिसरों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र की 10 से 15 किशोरी बालिकाओं को मोबिलिटी वाहन के माध्यम से टीकाकरण सत्र तक लाकर वैक्सीनेशन कराएं। अनुविभागीय अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान किसी भी दिन और समय पर क्षेत्र का निरीक्षण किया जा सकता है। यदि कोई 14 से 15 वर्ष की किशोरी बालिका टीकाकरण से वंचित पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
