सोहागपुर: हॉकी के महासंग्राम का भव्य शुभारंभ

61 वर्षों की परंपरा के साथ सजा ऐतिहासिक अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट का महाकुंभ

सोहागपुर// हॉकी प्रेमियों के लिए सोहागपुर नगर एक बार फिर खेल, रोमांच और उत्साह का केंद्र बन गया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय ठाकुर प्रताप भानु सिंह चौहान की स्मृति में आयोजित प्रतिष्ठित अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ जवाहरलाल नेहरू स्मृति महाविद्यालय के खेल मैदान पर हुआ। 61 वर्षों की निरंतर परंपरा के साथ यह ऐतिहासिक प्रतियोगिता अपने वैभवशाली अतीत और गौरव मयी पहचान को आज भी सजीव बनाए हुए है। उद्घाटन मुकाबले में बैतूल की दमदार जीत टूर्नामेंट के पहले दिन का पहला मुकाबला बैतूल एवं बरेली टीमों के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बैतूल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बरेली को 7–2 से पराजित कर उद्घाटन दिवस को यादगार बना दिया। बैतूल के खिलाड़ियों ने तेज आक्रमण, सटीक फील्ड गोल और बेहतरीन टीम वर्क का परिचय दिया, वहीं बरेली की टीम ने भी संघर्ष करते हुए दो गोल दागे। इस मुकाबले के निर्णायक अश्वनी सरोज एवं अख्तर खान रहे। दूसरे मुकाबले में सोहागपुर की जीत दिन का दूसरा मैच सोहागपुर बनाम ऑर्डनेंस फैक्ट्री इटारसी के बीच खेला गया। इस मुकाबले में सोहागपुर की टीम 1–0 से बढ़त बनाकर जीती। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तेज़ गति, अनुशासित खेल और शानदार पासिंग से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह :- उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन निगम अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष लता यशवंत पटेल, उपाध्यक्ष आकाश रघुवंशी, महाविद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष कैलाश पालीवाल, कानूलाल अग्रवाल, सचिव हमीर सिंह चंदेल, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अभिलाष सिंह चंदेल, हरगोविंद पुरबिया, ऑलमाइटी ग्रुप से विजय नचान तथा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संतोष मालवीय आयोजन समित से अध्यक्ष जयराम रघुवंशी भानूप्रकाश तिवारी शेर खान, जयप्रकाश माहेश्वरी, संजय खंडेलवाल सचिव पवन सिंह जी चौहान संयोजक शंकरलाल मालवीय, अभिषेक चौहान, सौरभ तिवारी, अभिनव पालीवाल, दादूराम कुशवाहा, अंकुश जायसवाल, विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

देशभर की टीमें ले रहीं हिस्सा:- टूर्नामेंट समिति के सचिव पवन सिंह चौहान एवं मीडिया प्रभारी शेख आरिफ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में केरल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित मध्यप्रदेश के सागर, इंदौर, सिवनी छपारा, जबलपुर, भोपाल, बैतूल, हरदा, नर्मदापुरम, इटारसी और सोहागपुर की प्रतिष्ठित टीमें भाग ले रही हैं। गौरवशाली इतिहास की सजीव मिसाल उल्लेखनीय है कि यह ऐतिहासिक हॉकी टूर्नामेंट पिछले 61 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा है। इसी मैदान पर ओलंपियन अशोक ध्यानचंद, विवेक सागर और मधु यादव जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने भी अपने खेल का जौहर दिखाया है। आज यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सोहागपुर की खेल संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक बन चुका है। टूर्नामेंट समिति ने क्षेत्र के समस्त खेल प्रेमियों और नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!