सोहागपुर: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में गिद्ध गणना शुरू

पहले दिन 203 गिद्ध दर्ज, तीन दिवसीय सर्वे जारी

संवाददाता:- शेख आरिफ।

सोहागपुर। मध्यप्रदेश वन विभाग द्वारा वर्ष में दो बार आयोजित की जाने वाली प्रदेशव्यापी गिद्ध गणना के तहत सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में 20 से 22 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय गणना कार्य प्रारंभ किया गया है। गणना के प्रथम दिवस में कुल 203 गिद्ध दर्ज किए गए। सर्वे के दौरान देसी गिद्ध (लॉन्ग-बिल्ड वल्चर), व्हाइट रम्प्ड वल्चर तथा इजिप्शियन वल्चर की उपस्थिति पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, यह संख्या क्षेत्र में गिद्धों की सक्रियता और सुरक्षित आवास का संकेत देती है। वन विभाग ने बताया कि गिद्ध पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण घटक हैं। वे मृत पशुओं के अपघटन में सहायक होकर पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। गिद्धों की घटती संख्या को देखते हुए उनके संरक्षण और आवास सुरक्षा के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा नियमित मॉनिटरिंग, सुरक्षित घोंसला स्थलों की पहचान और संरक्षण, तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। गणना के शेष दो दिवसों के परिणाम अलग से जारी किए जाएंगे। वन विभाग को उम्मीद है कि आगामी आंकड़े भी सकारात्मक संकेत देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!