संवाददाता:- शेख आरिफ
संयुक्त दल ने 9 ट्रैक्टर-ट्रॉली व 1 हेडरा वाहन जब्त किए, दिनभर चला अभियान
सोहागपुर// सोहागपुर में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने राइन नदी क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन कर रहे 9 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों एवं एक हेडरा वाहन को जब्त किया। जब्त सभी वाहनों को कार्रवाई के बाद सोहागपुर थाने में खड़ा कराया गया है। जानकारी के अनुसार यह संयुक्त अभियान सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक लगातार चलता रहा। कार्रवाई के दौरान नदी क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही। प्रशासन को लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कदम उठाया गया। एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि राइन नदी से अवैध उत्खनन कर रेत का परिवहन किया जा रहा था, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया गया है।
खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन पर आगे भी सख्त निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
