सोहागपुर में VB-G RAM G 2025 को लेकर भाजपा की रणनीतिक बैठक सम्पन्न


ग्रामीण आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार और कौशल विकास पर केंद्रित रही चर्चा

सोहागपुर// भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा सोहागपुर अंतर्गत मंडल सोहागपुर द्वारा ग्राम बिछुआ में VB-G RAM G (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन – ग्रामीण) 2025 को लेकर एक विस्तृत एवं रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास, स्वरोजगार सृजन एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना पर मंथन किया गया। बैठक का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्राम स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा मिशन के तहत रोजगार एवं आजीविका के अवसरों का अधिकतम लाभ ग्रामीणों तक सुनिश्चित करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांव आत्मनिर्भर बनेंगे और ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।


बैठक सोहागपुर मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर जिला सहसंयोजक भगवान सिंह पटेल, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अभिनव पालीवाल, मंडल महामंत्री ऋषभ गढ़वाल, तुलसीराम भलावी, रामकुमार पटेल, कंछेदी उईके सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन के अंतर्गत कौशल विकास, लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा, स्वयं सहायता समूहों का सशक्तिकरण तथा युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ना प्राथमिकता होगी। साथ ही कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों की पहचान करें और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में मंडल स्तर पर अलग-अलग ग्रामों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इस मिशन से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने मिशन के क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा सरकार की विकासपरक नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!