सोहागपुर में तीन मंत्रियों के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पुतला दहन

सोहागपुर। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी तथा प्रदेश की बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सोहागपुर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में प्रदेश के तीन मंत्रियों—कैलाश विजयवर्गीय, राजेंद्र शुक्ल और विजय शाह—का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा विधानसभा सदन में की गई टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। वहीं, उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल पर प्रदेश की चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल उठाए गए। इसके अतिरिक्त, कर्नल सोफिया कुरेशी प्रकरण में न्यायालय के आदेश की कथित अवहेलना को लेकर मंत्री विजय शाह के खिलाफ भी नाराज़गी जताई गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और मंत्रियों से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की।


इस विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर सिंह ठाकुर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल, गजेंद्र सिंह चौधरी, राकेश चौधरी, नीरज चौधरी, धर्मदास बेलवंशी, भास्कर मांझी, इलियास खान, ऋषभ दीक्षित, कार्तिक शर्मा, अजय भानु चंदेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने विपक्ष के सम्मान और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!