सोहागपुर: मढ़ई में मोटर बोट चालन एवं मरम्मत प्रशिक्षण संपन्न

संवाददाता:- शेख आरिफ।

24 प्रतिभागियों को मिला तकनीकी प्रशिक्षण, सफल अभ्यर्थियों को मिलेगा बोट चालन लाइसेंस

सोहागपुर// मध्यप्रदेश ईको टूरिज्म बोर्ड द्वारा सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई क्षेत्र में 17 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक मोटर बोट चालन एवं मरम्मत का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ईको-टूरिज्म गतिविधियों को सुदृढ़ करना एवं स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में नरसिंहपुर, मुरैना, खंडवा, सीधी, पायंली एवं गांधी सागर अभयारण्य सहित विभिन्न वन क्षेत्रों से 16 तथा सतपुड़ा टाइगर रिजर्व नर्मदापुरम से 8— इस प्रकार कुल 24 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वाटर स्पोर्ट्स के प्रशिक्षक श्री मदन मोहन राव द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण अवधि में प्रतिभागियों को मोटर बोट संचालन की तकनीकी बारीकियां, इंजन की मरम्मत एवं रखरखाव, तैराकी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

समापन अवसर पर क्षेत्र संचालक राखी नंदा, वन क्षेत्रपाल राहुल उपाध्याय (कामती), वन क्षेत्रपाल विलास डोंगरे (बागड़ा बफर) एवं वन अमले की उपस्थिति में कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। प्रतिभागियों को टी-शर्ट, कैप, डायरी एवं पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण में सफल अभ्यर्थियों को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वाटर स्पोर्ट्स, गोवा की ओर से बोट चालन का लाइसेंस प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। यह पहल प्रदेश में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर कौशल विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!