संवाददाता:- शेख आरिफ।
बाँसखापा गांव के पास 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, हत्या या हादसा ?
सोहागपुर// सोहागपुर के ग्राम बाँसखापा की नहर के पास एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। देर रात मिली इस सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पंचनामा कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया कर शव परिजनों को सौंपा गया।
मृतक की पहचान विनोद मेहरा उर्फ भूरा (25) पिता बृजलाल मेहरा, निवासी अंबेडकर वार्ड सोहागपुर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में यह सवाल खड़ा हो रहा है कि युवक बिना किसी वाहन के सुनसान नहर किनारे कैसे पहुंचा और घटना के वक्त उसके साथ कौन लोग मौजूद थे। घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मामला हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी साजिश के तहत हत्या की गई है। फिलहाल पूरे मामले का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही खुल पाएगा।
