संवाददाता:- शेख आरिफ।
एसडीओपी परिवार सहित रहे मौजूद, अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर दी बधाई
सोहागपुर// होली पर्व के दूसरे दिन सोहागपुर थाना परिसर में पुलिस विभाग द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस थाना सोहागपुर के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ चौकी सेमरी शोभापुर के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल और रंग लगाकर होली की बधाई दी तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। समारोह के दौरान पुलिस स्टाफ में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। ड्यूटी की व्यस्तताओं के बीच पुलिस कर्मियों ने मिलकर होली के रंगों का आनंद लिया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर एसडीओपी संजू चौहान भी अपने परिवार सहित उपस्थित रहे,कार्यक्रम के दौरान उनकी नन्ही बच्ची ने भी पूरे उत्साह और मासूमियत के साथ पुलिस परिवार के बीच रंग-गुलाल के साथ होली खेली। रंगों से सजा उसका खिलखिलाता चेहरा और मासूम मुस्कान समारोह का आकर्षण बन गई। बच्ची की चंचलता और खुशी को देखकर वहां मौजूद सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी भावुक और प्रसन्न नजर आए। एसडीओपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दीं और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने का संदेश दिया। पुलिस परिवार सोहागपुर की ओर से क्षेत्रवासियों को भी होली की ढेर सारी शुभकामनाएं दी गईं और सभी से प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
