सोहागपुर// सोमवार सुबह क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भटगांव में युवक और युवती के शव गोली लगे हालात में मिले। घटना नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भटगांव की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की मौत गोली लगने से हुई है, लेकिन यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला दोहरी हत्या का है या युवक ने पहले युवती को गोली मारकर बाद में खुद को गोली मारी। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक युवक की पहचान अरुण पुरर्विया निवासी गोरा गांव मचवाई बाड़ी के रूप में हुई है, जबकि युवती भटगांव की ही बताई जा रही है। सूचना मिलते ही ऐडशनल एसपी अभिषेक राजन एसडीओपी संजू चौहान, थाना प्रभारी उषा मरावी तथा शोभापुर पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।


पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला गोली लगने का प्रतीत हो रहा है। एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा संकेत मिला है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और उसके बाद स्वयं को गोली मार ली। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की विस्तृत जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। विशेषज्ञ टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि गोली किस परिस्थिति में चली, हथियार की स्थिति क्या थी और घटनाक्रम का वास्तविक स्वरूप क्या है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
घटना के बाद इलाके में सनसनी,
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। ग्रामीणों में दहशत और जिज्ञासा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि वैज्ञानिक जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और तथ्य सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
