अनाज से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार छात्रों को मारी टक्कर
रिपोर्टर: आरिफ शेख।
सोहागपुर// एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया। कोचिंग से घर लौट रहे तीन नाबालिग छात्रों की अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मृत छात्रों की पहचान मनुराज रघुवंशी, अश्विन रघुवंशी और शिव रघुवंशी, निवासी ग्राम आमदेही के रूप में हुई है। टक्कर के बाद तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोहागपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की खबर मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भारी संख्या में नागरिक जमा हो गए। मौके पर एसडीओप संजू चौहान, थाना प्रभारी ऊषा मरावी, तहसीलदार रामकिशोर झरबड़े, नायब तहसीलदार नीरु जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संतोष मालवीय, तहसील पत्रकार संघ अध्यक्ष पवन सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

ओवरलोड अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुआ हादसा


बताया जा रहा है कि यह हादसा ओवरलोड अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण हुआ। स्थानीय नागरिकों में घटना को लेकर गहरा शोक और भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली जो कि कृषि उपयोग के लिए पंजीकृत होती हैं, उनका खुलेआम व्यावसायिक और अवैध परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा है, जो परिवहन नियमों का सीधा उल्लंघन है। नागरिकों का आरोप है कि गल्ला व्यापारी कृषि यंत्रों का दुरुपयोग कर ओवरलोड परिवहन कर रहे हैं और प्रशासन की अनदेखी के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। सोहागपुर में बीते दो दिनों में सड़क दुर्घटनाओं से यह छठवीं मौत बताई जा रही है।
मृतक तीनों छात्रों के परिजनों की मांग
मृतक छात्रों के परिजनों ने प्रशासन से पूर्ण न्याय की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से यह हादसा हुआ, उसके चालक, वाहन मालिक और संबंधित गल्ला व्यापारी को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे नगर में शोक की लहर है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग तेज होती जा रही है।
